*हर घर तिरंगा अभियान के तहत रुद्रपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा*
*युवाओं के जोश और देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर*,
रुद्रपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से गुरुवार को रुद्रपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, भाजयुमो कार्यकर्ताओं और राष्ट्रप्रेमी नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले युवाओं के जोश और देशभक्ति के नारों से शहर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।
यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के जयघोष गूंजते रहे। प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। यात्रा ने शहर में सामाजिक एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। नागरिकों में भी तिरंगा यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष ऊधम सिंह नगर विपिन सिंह गहलौत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और देशभक्ति की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। ऐसे में हमारा दायित्व है कि शहीदों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को और मजबूत करें।
गहलौत ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता युवाओं को राष्ट्रहित से जोड़ने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने रुद्रपुर सहित पूरे ऊधम सिंह नगर के नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और इस राष्ट्रव्यापी अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर की सड़कों पर उमड़ा युवाओं का जोश यह संदेश दे रहा है कि देश का युवा राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के लिए सदैव आगे खड़ा है।
यात्रा के समापन पर उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान विधायक शिव अरोरा, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, भाजपा जिलामंत्री प्रमोद मित्तल, धीरेन्द्र मिश्रा, अमित नारंग, मनीष, रश्मि रस्तोगी, गजेन्द्र प्रजापति, रोहित, रचित समेत सैकड़ों युवा मौजूद रहे।








