*वरिष्ठ नागरिक से झपटमारी का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार*

Spread the love

*वरिष्ठ नागरिक से झपटमारी का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार*

हल्द्वानी। ऑपरेशन प्रहार के तहत नैनीताल पुलिस ने मुखानी क्षेत्र में वरिष्ठ नागरिक से हुई झपटमारी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटमारी की गई करीब एक लाख रुपये कीमत की सोने की अंगूठी और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को कुसुमखेड़ा निवासी महेंद्र चंद तिवारी के हाथ से एक अज्ञात व्यक्ति करीब 6-7 ग्राम की सोने की अंगूठी झपटकर फरार हो गया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध नजर आया। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

11 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति मुखानी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर विनोद शर्मा (60) निवासी गोजानी, रामनगर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से बिना नंबर की स्कूटी और झपटमारी की गई सोने की अंगूठी बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में लूट, धोखाधड़ी और झपटमारी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी, उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद, उप निरीक्षक अविनाश मौर्य तथा कांस्टेबल धीरज सुगड़ा, रोहित कुमार और राजेश जोशी शामिल रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *