*पुरानी रंजिश में फायरिंग करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार व दो स्कॉर्पियो बरामद*

*पुरानी रंजिश में फायरिंग करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार व दो स्कॉर्पियो बरामद*

रुद्रपुर। गदरपुर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग के मामले में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध .32 बोर देशी पिस्टल, एक 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो स्कॉर्पियो वाहन और अन्य सामान बरामद किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक काशीपुर, पुलिस अधीक्षक अपराध रुद्रपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में कोतवाली गदरपुर पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से कार्रवाई की। पुलिस ने 3 अगस्त को हरिपुरा जलाशय के पास गूलरभोज क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की शाम सरदार नगर अंडरपास कट के पास पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने सहजपाल सिंह और उसके साथियों पर जानलेवा फायरिंग की थी। घटना में गुरशरण उप्पल उर्फ गगन के पैर में गोली लगी थी, जबकि सहजपाल सिंह और उसके साथी सौरभ बाबा के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया था। मामले में कोतवाली गदरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर सिंह विर्क निवासी मुकंदपुर डेरा, आकाशदीप सिंह निवासी सरोवर नगर, प्रशांत सिंह उर्फ मनी उर्फ पिद्दी निवासी वार्ड नंबर-2 गदरपुर तथा सौरभ कुमार निवासी शिवपुरी, केलाखेड़ा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ 3/25 आयुध अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से तीन के खिलाफ पूर्व से भी विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक मुकेश मिश्रा, उप निरीक्षक संजय सिंह बोरा तथा कोतवाली गदरपुर के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement