*कर्तव्यनिष्ठ सेवा के लिए छह पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई*
रुद्रपुर। पुलिस लाइन रुद्रपुर में शुक्रवार को ऊधमसिंहनगर पुलिस के अधिवर्षता एवं ऐच्छिक सेवानिवृत्ति प्राप्त करने वाले छह अधिकारी एवं कर्मचारियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को शॉल, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल एवं सुखमय भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज, कानून और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं तथा उनका अनुभव विभाग की अमूल्य धरोहर होता है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय सेवा का समापन अवश्य है, लेकिन पुलिस परिवार से उनका आत्मीय संबंध सदैव बना रहेगा।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभाग और वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उनके योगदान की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी।
सेवानिवृत्त होने वालों में अग्निशमन द्वितीय अधिकारी श्याम बहादुर थापा, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी दुर्गा सिंह भण्डारी, अपर उपनिरीक्षक (ना.पु.) राजेन्द्र प्रसाद पन्त, मुख्य आरक्षी (ना.पु.) महेश सिंह, मुख्य आरक्षी (ना.पु.) कुन्दन सिंह बिष्ट (ऐच्छिक सेवानिवृत्ति) तथा आरक्षी (ना.पु.) विजय नाथ गोरस्वामी (ऐच्छिक सेवानिवृत्ति) शामिल रहे।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी खटीमा, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन रुद्रपुर सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह सम्मान एवं आत्मीयता के वातावरण में संपन्न हुआ।







