रामनगर में रिसोर्ट पर पुलिस का छापा, कथित सेक्स रैकेट व अवैध डांस बार का भंडाफोड़
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ढैला स्थित एकरोन रिसोर्ट में संचालित कथित सेक्स रैकेट और अवैध डांस बार का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी तथा पुलिस लाइन की विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से रिसोर्ट में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 52 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया। प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार लोगों के नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का निवासी होने की जानकारी मिली है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि रिसोर्ट में लंबे समय से कथित रूप से अवैध डांस बार और सेक्स रैकेट संचालित किया जा रहा था। इस मामले में रिसोर्ट के कुछ कर्मचारियों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।
छापेमारी के दौरान बिना लाइसेंस संचालित बार से भारी मात्रा में नकदी और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। हालांकि कार्रवाई के दौरान रिसोर्ट का मैनेजर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







