Spread the love

होली चाइल्ड स्कूल में आधुनिक शिक्षण पद्धतियों पर कार्यशाला आयोजित

शिक्षकों को बताए प्रभावी एवं रोचक कक्षा शिक्षण के आधुनिक तरीके

आधुनिक तकनीकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का दिया संदेश

थिंक-पेयर-शेयर और फ्लिप्ड क्लासरूम तकनीकों की दी जानकारी

कार्यशाला में अनुभवात्मक शिक्षण और रचनात्मक मूल्यांकन पर चर्चा

लाइव डेमो और समूह गतिविधियों से शिक्षकों ने सीखी नई शिक्षण तकनीकें

होली चाइल्ड स्कूल की कार्यशाला में शिक्षकों ने सीखे स्मार्ट टीचिंग के नए आयाम

 

 

  1. रुद्रपुर। होली चाइल्ड स्कूल में शिक्षकों के लिए “कक्षा शिक्षण की आधुनिक पद्धतियाँ” विषय पर एक ज्ञानवर्धक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों से परिचित कराते हुए छात्रों के सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं रोचक बनाना था।

कार्यशाला का संचालन न्यू सरस्वती हाउस की मुख्य वक्ता श्रीमती जे. के. साहनी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मिंटू दुबे, उप-प्रधानाचार्य (प्रशासन) प्रदीप जोशी, उप-प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) मंजू अधिकारी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में श्रीमती साहनी ने पारंपरिक शिक्षण पद्धति के स्थान पर गतिविधि-आधारित एवं अनुभवात्मक शिक्षण को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने थिंक-पेयर-शेयर, फ्लिप्ड क्लासरूम और सहयोगात्मक शिक्षण जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने के उपाय बताए। साथ ही स्पष्ट शिक्षण उद्देश्यों, वास्तविक जीवन से जुड़े उदाहरणों तथा रचनात्मक मूल्यांकन के माध्यम से प्रभावी अध्यापन की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों में आलोचनात्मक सोच, रचनात्मकता, सहयोग और संवाद कौशल विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया।

कार्यशाला के दौरान समूह गतिविधियों, केस स्टडी और शिक्षण उपकरणों के लाइव प्रदर्शन के माध्यम से शिक्षकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। शिक्षकों ने विभिन्न क्षमताओं वाले विद्यार्थियों को पढ़ाने, सीमित संसाधनों में प्रभावी शिक्षण सामग्री तैयार करने तथा कक्षा प्रबंधन से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ द्वारा विस्तार से समाधान किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य मिंटू दुबे ने कहा कि कार्यशाला में साझा की गई शिक्षण रणनीतियां शिक्षकों को अधिक समावेशी, आकर्षक और परिणामोन्मुख शिक्षण वातावरण तैयार करने में सहायक सिद्ध होंगी। उन्होंने रिसोर्स पर्सन श्रीमती जे. के. साहनी एवं न्यू सरस्वती हाउस का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ की सराहना की।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *