बीच सत्र में स्कूल बंद करना न्यायसंगत नहीं, प्रबंधन पर हो सख्त कार्रवाई : राजकुमार ठुकराल
रुद्रपुर। शिमला पिस्तौर स्थित क्रिम्सन वर्ल्ड स्कूल में सोमवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पहुंचकर अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने स्कूल की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी को पूरे मामले से अवगत कराया और बीच शैक्षणिक सत्र में स्कूल बंद किए जाने के निर्णय पर कड़ा विरोध जताया।
ठुकराल ने कहा कि बीच सत्र में स्कूल बंद करना किसी भी दृष्टि से न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने मांग की कि स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने उचित कदम नहीं उठाए तो वह स्वयं स्कूल प्रबंधन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन की हठधर्मिता और घोर लापरवाही के कारण लगभग 400 छात्र-छात्राओं का भविष्य संकट में पड़ गया है। साथ ही 80 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य कर्मचारियों के सामने भी रोजगार का संकट उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन को यह अधिकार किसने दिया कि वह शैक्षणिक सत्र के बीच में विद्यालय बंद करने जैसा निर्णय ले। उन्होंने प्रबंधन से विद्यार्थियों, अभिभावकों और कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए अपना निर्णय तत्काल वापस लेने की मांग की।







