जिम में वर्कआउट के दौरान एसओजी सिपाही की मौत, विभाग में शोक

जिम में वर्कआउट के दौरान एसओजी सिपाही की मौत, विभाग में शोक

बनबसा। जिम में वर्कआउट के दौरान उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) में तैनात एक सिपाही की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार 38 वर्षीय गिरीश भट्ट मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के निवासी थे। वर्तमान में वह चम्पावत जिले के बनबसा स्थित भजनपुर क्षेत्र में रह रहे थे तथा टनकपुर स्थित सर्विलांस कार्यालय में एसओजी में तैनात थे। वर्ष 2006 में उत्तराखंड पुलिस में भर्ती हुए गिरीश भट्ट अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे।

बताया गया कि गिरीश भट्ट पिछले तीन वर्षों से नियमित रूप से जिम जाकर व्यायाम करते थे और अपनी फिटनेस को लेकर बेहद सजग थे। शुक्रवार शाम करीब चार बजे वह रोजाना की तरह जिम पहुंचे और वर्कआउट शुरू किया। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह चक्कर खाकर फर्श पर गिर पड़े।

जिम में मौजूद लोगों और उनके साथियों ने तत्काल उन्हें खटीमा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार प्रथम दृष्टया कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और उनके सहकर्मी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गिरीश भट्ट अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी आकस्मिक मृत्यु से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सहकर्मियों के अनुसार गिरीश भट्ट एक मेहनती, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी थे। एसओजी में तैनाती के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों के खुलासे तथा विशेष अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई थी। उनकी असामयिक मृत्यु से पुलिस विभाग ने एक समर्पित और दक्ष जवान को खो दिया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement