ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस-बदमाशों में मुठभेड़, दो आरोपी घायल होकर गिरफ्तार

Spread the love

ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस-बदमाशों में मुठभेड़, दो आरोपी घायल होकर गिरफ्तार

ऋषिकेश, । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत ऋषिकेश पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। देर रात पुलिस और दो वांछित बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर दोनों युवक बैरियर को टक्कर मारकर श्यामपुर की ओर फरार हो गए।

पुलिस टीम ने तत्काल उनका पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी हाल ही में ऋषिकेश क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में वांछित थे। इस घटना में दो व्यक्तियों को गोली मारकर घायल कर दिया गया था, जिसके बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।

मुठभेड़ में घायल आरोपियों को पुलिस सुरक्षा के बीच उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर आरोपियों की स्थिति की जानकारी भी ली।

ऋषिकेश कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में यह ऋषिकेश पुलिस की एक महत्वपूर्ण सफलता है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित अपराधियों, सक्रिय बदमाशों एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है तथा पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों में भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की संभावना है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *