बकरीद पर खुले में पशु बलि रोकने की उठी मांग -हिंदू संगठनों ने महापौर को सौंपा ज्ञापन – न्यायालय के आदेशों का सख्ती से होगा पालनः महापौर

Spread the love

बकरीद पर खुले में पशु बलि रोकने की उठी मांग

 

-हिंदू संगठनों ने महापौर को सौंपा ज्ञापन

– न्यायालय के आदेशों का सख्ती से होगा पालनः महापौर

 

रूद्रपुर। आगामी बकरीद पर्व को लेकर शहर में कानून व्यवस्था, स्वच्छता और जनभावनाओं से जुड़े मुद्दों पर हिंदू संगठनों ने नगर महापौर से सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और ब्राह्मण महासभा समेत विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने महापौर विकास शर्मा से उनके कार्यालय में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए खुले में होने वाली पशु बलि, पशुओं के अवशेष और खून नालियों में बहाए जाने पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की। महापौर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि न्यायालय के आदेशों का पूरी सख्ती के साथ पालन कराया जाएगा और शहर में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी।

 

हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने महापौर को सौंपे ज्ञापन में कहा कि बकरीद के दौरान कई स्थानों पर खुलेआम पशु बलि दिए जाने और उसके अवशेष सार्वजनिक स्थलों व नालियों में फेंके जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इससे न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि आमजन की धार्मिक भावनाएं भी आहत होती हैं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि खुले में पशु अवशेष पड़े रहने और खून नालियों में बहाए जाने से जनस्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तथा संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है।

 

पदाधिकारियों ने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा भी स्पष्ट निर्देश जारी किए जा चुके हैं कि पशु बलि सार्वजनिक स्थलों पर न की जाए और पशुओं के अवशेष खुले में न फेंके जाएं। इसके बावजूद कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी देखने को मिलती है। संगठनों ने मांग की कि नगर निगम, प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों पर पशु बलि, खुले में मांस काटने और नालियों में अवशेष बहाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।

 

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि त्योहारों की आड़ में कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था फैलाने का प्रयास करते हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही अपील की कि सभी लोग त्योहार को अपने घरों और निर्धारित स्थानों पर शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

महापौर विकास शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि शहर में कानून व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेशों का सम्मान सर्वाेपरि है और नगर निगम जल्द ही इस संबंध में एक विस्तृत एसओपी जारी करेगा। खुले में मांस काटने, पशु अवशेषों के निस्तारण और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश निर्धारित किए जाएंगे।

 

महापौर से मिलने वालों में विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री राजेन्द्र सिंह मेहरा, जिला धर्म प्रसार प्रमुख सुलतान, प्रखंड मंत्री सुदेव दास गुप्ता, प्रखंड संयोजक प्रिंस कोली, ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ, प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप मिश्रा, छात्र नेता चंदन भट्ट, अभिषेक दास गुप्ता, आशीष यादव तथा अभिनव चंद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *