सिडकुल में यूनियन के झंडे हटाने पर भड़के श्रमिक, विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में डीएम को सौंपा ज्ञापन
रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र में भारतीय मजदूर संघ के झंडे हटाए जाने के विरोध में विधायक Shiv Arora के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। विधायक ने इसे श्रमिकों के मान-सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए कहा कि श्रमिक हितों के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ राष्ट्रहित और श्रमिक कल्याण की भावना के साथ कार्य करने वाला संगठन है। श्रमिकों की मेहनत से ही उद्योग और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है, लेकिन सिडकुल प्रशासन ने अधिकांश कंपनियों के बाहर लगे संघ के झंडों को हटाकर श्रमिकों की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से श्रमिकों में भारी रोष व्याप्त है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सिडकुल प्रशासन ने अड़ियल रवैया अपनाते हुए केवल यूनियन के झंडों को हटाया, जबकि कंपनियों के बाहर लगी पार्किंग और बड़े-बड़े बोर्डों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। विधायक ने कहा कि मात्र डेढ़ इंच के पाइप पर लगे झंडों को अतिक्रमण बताना समझ से परे है और यह भारतीय मजदूर संघ के साथ दोहरा रवैया अपनाने जैसा है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व वाली सरकार सदैव श्रमिक हितों के लिए कार्य करती रही है। ऐसे में श्रमिक संगठनों के मनोबल को कमजोर करने वाली कार्रवाई उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि हटाए गए सभी झंडों को पुनः उनके स्थान पर लगाया जाए।
जिलाधिकारी Nitin Bhadauria ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद एडीएम कौस्तुभ मिश्रा की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समिति मामले की जांच कर जल्द समाधान निकालेगी।
इस दौरान भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष दीपेंद्र भट्ट, अजीत सिंह, गंगा सिंह, पंकज उपाध्याय, किशोर पंत, संतोष बिष्ट, नागेंद्र, हिमांशु, हरिश, घनश्याम, शेखर, बिपिन पांडे, डूंगर सिंह सहित कई श्रमिक मौजूद रहे।







