*_सोना तस्करी के बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश, 14 करोड़ से अधिक का सोना-चांदी बरामद_*

Spread the love

*_सोना तस्करी के बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश, 14 करोड़ से अधिक का सोना-चांदी बरामद_*
नई दिल्ली: राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने एक संगठित सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई में सोना, चांदी और भारतीय मुद्रा मिलाकर कुल 14.13 करोड़ रुपये से अधिक की बरामदगी की गई है. अधिकारियों के मुताबिक यह गिरोह विदेशी मूल के सोने की तस्करी कर उसे रेल मार्ग के जरिए देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाता था, फिर अवैध इकाइयों में पिघलाकर उसकी पहचान मिटाकर स्थानीय सर्राफा बाजार में बेच देता था.
डीआरआई के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुल 8286.81 ग्राम सोना जिसकी अनुमानित कीमत करीब 13.41 करोड़ रुपये है, 7350.4 ग्राम चांदी जिसकी कीमत लगभग 19.67 लाख रुपये है और 51,74,100 रुपये की भारतीय नकदी जब्त की गई है. यह पूरी कार्रवाई कस्टम्स एक्ट 1962 के प्रावधानों के तहत की गई.
खुफिया सूचना मिलने के बाद डीआरआई की टीम ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर निगरानी बढ़ाई. इसी दौरान कोलकाता से ट्रेन के जरिए पहुंचे एक संदिग्ध यात्री को रोका गया. जांच करने पर उसके पास विदेशी मार्किंग वाला सोना मिला, जिसे स्टेशन के बाहर मौजूद एक रिसीवर को सौंपा जाना था. डीआरआई अधिकारियों ने मौके पर ही सोना लेकर आए कैरियर और उसे लेने पहुंचे व्यक्ति दोनों को पकड़ लिया.
पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर दिल्ली में कई स्थानों पर छापेमारी की गई. इन छापों के दौरान एक अवैध गोल्ड मेल्टिंग यूनिट का पता चला, जहां विदेशी मूल के सोने को पिघलाकर उसकी पहचान मिटाई जाती थी, ताकि उसे स्थानीय बाजार में आसानी से बेचा जा सके. इस स्थान से भी अतिरिक्त सोना, चांदी और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की गई. साथ ही उस इकाई को संचालित करने वाले मैनेजर को भी गिरफ्तार कर लिया गया. अधिकारियों का कहना है कि यह एक संगठित तस्करी नेटवर्क है, जो विदेश से सोना लाकर उसे विभिन्न माध्यमों से देश के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई करता था. फिलहाल डीआरआई मामले की विस्तृत जांच कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की कार्रवाई जारी है.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *