सबका साथ–सबका विकास को मजबूत करता है केंद्रीय बजट 2026–27: राजेश शुक्ला

Spread the love

सबका साथ–सबका विकास को मजबूत करता है केंद्रीय बजट 2026–27: राजेश शुक्ला

 

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने आज किच्छा नगर में वरिष्ठ भाजपा नेता संदीप खन्ना के प्रतिष्ठान पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन/नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026–27 का प्रसारण देखा। केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि यह बजट देश के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में एक दूरदर्शी कदम है। उन्होंने कहा कि यह बजट आर्थिक प्रगति को गति देने के साथ-साथ समाज के हर वर्ग के लिए नए अवसर सृजित करने वाला है और सबका साथ-सबका विकास के संकल्प को मजबूत करता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को विकासोन्मुखी और समावेशी बजट प्रस्तुत करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि इसमें किसानों, महिलाओं, युवाओं, वंचित वर्गों, छोटे उद्यमियों और मध्यम वर्ग की आवश्यकताओं का विशेष रूप से ध्यान रखा गया है।

पूर्व विधायक ने कहा कि बजट में रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, पर्यटन, उद्योग और बुनियादी ढांचे के लिए किए गए प्रावधान देश के साथ-साथ उत्तराखण्ड के विकास को भी नई गति देंगे। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड और जम्मू-कश्मीर में पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना पर्वतीय राज्यों के पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करेगी। उत्तराखण्ड के लिए बजट में पर्यटन, कृषि, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि और MSME सेक्टर पर दिया गया जोर ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि बजट में पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल टेक्नोलॉजी और बायोफार्मा क्षेत्र में किए गए निवेश से देश और प्रदेश दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट भारत की आर्थिक शक्ति को और मजबूत करने के साथ-साथ उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी विकास की मुख्यधारा में समान अवसर प्रदान करेगा। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया, लता सिंह, नितिन वाल्मीकि, ठाकुर संजीव सिंह समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *