- *_दिल्ली के मेट्रो स्टाफ क्वार्टर में लगी भीषण आग, पति-पत्नी और बच्चे समेत तीन की मौत_*
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में स्थित दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के स्टाफ क्वार्टर में आग लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा तड़के हुआ, जब अधिकतर लोग गहरी नींद में थे. इस घटना से पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है.
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, 2 बजकर 39 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह फायर टेंडर मौके पर भेजे. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक आग जानलेवा साबित हो चुकी थी.
पति-पत्नी और बेटी की मौत
आग की चपेट में आकर जान गंवाने वालों की पहचान अजय उम्र 42 वर्ष, उनकी पत्नी नीलम उम्र 38 वर्ष और उनकी 10 वर्षीय बेटी जाह्नवी के रूप में हुई है. तीनों उसी क्वार्टर में रहते थे और हादसे के वक्त अंदर मौजूद थे. आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका. मृतक अजय दिल्ली मेट्रो में असिस्टेंट इंजीनियर के तौर पर कार्यरत थे.
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग आवासीय क्वार्टर में लगी थी और शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा. पुलिस और फायर विभाग की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है और जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
डीसीपी भीष्म सिंह ने बताया की घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि तड़के अचानक धुआं फैलने और आग की लपटें उठने से इलाके में हड़कंप मच गया था.
इस हादसे ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में अग्नि सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस और प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आग लगने के कारणों को स्पष्ट किया जाएगा और यदि किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी. इससे पहले जगतपुरी इलाके में भी एक मकान में आग लगने से बुजुर्ग दम्पति की दर्दनाक मौत हो गई थी.







