*2029 से पहले NDA शासित सभी 21 राज्यों में लागू होगा UCC: अमित शाह*
*2029 से पहले NDA शासित सभी 21 राज्यों में लागू होगा UCC: अमित शाह*
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन और जनसेवा में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान की घोषणा की।
अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद नरेंद्र मोदी ने लाल किले से स्वयं को ‘प्रधान सेवक’ बताया था। उन्होंने खुद को कभी शासक नहीं माना, बल्कि जनता के सेवक के रूप में काम किया।
गृह मंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 2029 से पहले एनडीए शासित सभी 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू कर दी जाएगी। शाह ने कहा कि कई राज्यों में यूसीसी लागू किया जा चुका है और उन्हें भरोसा है कि तय समयसीमा से पहले एनडीए शासित सभी राज्यों में इसे पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यूसीसी का उद्देश्य धर्म के आधार पर अलग-अलग व्यक्तिगत कानूनों के बजाय नागरिकों के लिए समान कानूनी व्यवस्था सुनिश्चित करना है। शादी, तलाक, संपत्ति के बंटवारे और गोद लेने जैसे मामलों में समान कानून लागू करना इसके प्रमुख प्रावधानों में शामिल है।
अमित शाह ने कहा कि यूसीसी सरकार की ‘इंडिया फर्स्ट’ सोच का हिस्सा है। आजादी के बाद से लंबे समय से लंबित और जटिल मुद्दों को सरकार चरणबद्ध तरीके से सुलझा रही है। इसका उद्देश्य देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार दिलाना और कानून व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाना है।


