भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में संगठन और विचारधारा पर मंथन दो दिवसीय कार्यशाला का हुआ शुभारम्भ

Spread the love

भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में संगठन और विचारधारा पर मंथन

दो दिवसीय कार्यशाला का हुआ शुभारम्भ

राष्ट्रवाद और अंत्योदय पर कार्यकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण

भाजपा केवल दल नहीं, राष्ट्रवादी वैचारिक संगठन : तरुण बंसल

प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा के इतिहास और विकास पर चर्चा

संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति : तरुण बंसल

दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् के साथ प्रशिक्षण वर्ग का शुभारम्भ

 

रुद्रपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग रविवार को काशीपुर रोड स्थित एंबिएंस बैंक्वेट हॉल में शुरू हुआ। प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्घाटन प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, जिला प्रभारी राकेश नैनवाल, सह प्रभारी साकेत अग्रवाल, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, सर्व व्यवस्था प्रमुख राकेश सिंह एवं वर्ग पालक धीरेन्द्र मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ प्रशिक्षण सत्रों का शुभारम्भ हुआ।

प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम सत्र “हमारा सैद्धांतिक अधिष्ठान” में वक्ताओं ने भाजपा की विचारधारा, राष्ट्रवाद, अंत्योदय एवं संगठनात्मक मूल्यों पर विस्तार से विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने वाला वैचारिक संगठन है, जो पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित है।

द्वितीय सत्र “भाजपा का इतिहास एवं विकास” में पार्टी की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की यात्रा, संगठन विस्तार तथा विभिन्न जनआंदोलनों में भाजपा की भूमिका पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की रीति-नीति और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है तथा प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की कार्यप्रणाली, विचारधारा और जनसंपर्क के विषय में व्यापक जानकारी प्राप्त होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सरकार की योजनाओं एवं पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन की कार्यपद्धति, विचारधारा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ बनाने का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण का पूर्ण लाभ लेने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा निरंतर कार्यकर्ता आधारित संगठन के रूप में आगे बढ़ रही है और प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करने के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता विकसित करने का कार्य भी करता है।

दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग में संगठनात्मक विषयों, वैचारिक अधिष्ठान, सोशल मीडिया, जनसंपर्क, कार्यकर्ता विकास एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर जिला महामंत्री तरुण दत्ता, महामंत्री अजय जोशी, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *