*कांवड़ यात्रा को लेकर ऊधम सिंह नगर में 30 जुलाई से विशेष रूट डायवर्जन लागू*

Spread the love

*कांवड़ यात्रा को लेकर ऊधम सिंह नगर में 30 जुलाई से विशेष रूट डायवर्जन लागू*

रुद्रपुर। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में जनपद में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक विशेष रूट डायवर्जन एवं यातायात व्यवस्था लागू की गई है।

जारी यातायात प्लान के अनुसार दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर और बिलासपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को काशीपुर, हरिद्वार, नैनीताल, सितारगंज, किच्छा एवं सिडकुल की ओर जाने के लिए रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। इसी प्रकार काशीपुर एवं हरिद्वार से आने वाले भारी वाहन एमेनिटी स्कूल फ्लाईओवर से रिंग रोड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। खटीमा एवं सितारगंज से आने वाले भारी वाहनों को राधा स्वामी सत्संग (किच्छा रोड) से तथा नैनीताल एवं हल्द्वानी से आने वाले वाहनों को पार्ले चौक (सिडकुल) से रिंग रोड के जरिए भेजा जाएगा।

पुलिस प्रशासन के अनुसार 8 अगस्त से 11 अगस्त तक डाक कांवड़ के दौरान सभी प्रकार के वाहनों को रामपुर बॉर्डर, एमेनिटी स्कूल, राधा स्वामी सत्संग एवं पार्ले चौक से रिंग रोड के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि दूध, गैस, फल-सब्जी तथा पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति से जुड़े आवश्यक सेवा वाहनों को सामान्य रूप से संचालन की अनुमति रहेगी।

पुलिस ने बताया कि कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ने की स्थिति में आवश्यकता अनुसार यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय राजमार्ग की एक लेन कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रखते हुए दूसरी लेन से सामान्य वाहनों का संचालन कराया जाएगा।

8 अगस्त से 11 अगस्त तक जनपद के विभिन्न प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर भारी वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध रहेगा। इनमें सितारगंज का एसएच हॉस्पिटल, पुलभट्टा, दरऊ चौक एवं लालपुर (किच्छा), डिबडिबा, कीरतपुर मोड़ एवं रामपुर बॉर्डर (रुद्रपुर), छतरपुर मोड़ (पंतनगर), महतोष मोड़ एवं मोतियापुर मोड़ (गदरपुर), स्वार बॉर्डर दोराहा एवं बरहैनी (बाजपुर), लोहियापुल पैंगा (आईटीआई क्षेत्र), प्रतापपुर चौकी (काशीपुर), सूर्या बॉर्डर (कुंडा) तथा धर्मपुर एवं नादेही बॉर्डर (जसपुर) शामिल हैं।

काशीपुर सेक्टर में भी विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। धामपुर-बिजनौर, ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद-टांडा, दड़ियाल, रामनगर, हल्द्वानी-बाजपुर, मोतियापुरा तथा नवाबगंज की ओर से आने वाले भारी वाहनों को विभिन्न चेक पोस्ट एवं बॉर्डर प्वाइंट से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।

ऊधम सिंह नगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा सुरक्षित एवं सुचारु कांवड़ यात्रा के संचालन में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *