*एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर युवती हत्याकांड में तीन आरोपी दबोचे, तमंचा बरामद*

युवती की हत्या के मामले में तीन नामजद गिरफ्तार, तमंचा बरामद

काशीपुर। महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले में आईटीआई कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों ने फर्श पर पड़े खून के धब्बे मिटाने और घटनास्थल बदलने का प्रयास किया था।
पुलिस के मुताबिक 10 सितंबर को महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से मौत हो गई थी। मामले में मृतका के परिजन फईम हुसैन की तहरीर पर 11 सितंबर को आईटीआई कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
शनिवार को पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले मार्ग पर राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी कर साजिद, फिजा और सबीना को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान साजिद के कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में साजिद ने पुलिस को बताया कि तमंचा उसने करीब छह माह पूर्व महुआखेड़ागंज निवासी जमील से लिया था। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान साजिद की छोटी बेटी और मेहविश के बीच छीनाझपटी हुई, इसी दौरान गोली चल गई और मेहविश उसकी चपेट में आ गई। पुलिस का दावा है कि घटना के बाद साजिद और उसकी पुत्री फिजा ने फर्श पर पड़े खून के धब्बे मिटाने का प्रयास किया। इसके बाद साजिद ने शव को अपने घर से हटाकर मृतका के घर पहुंचा दिया, ताकि घटनास्थल को बदला जा सके। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी इसके बाद फरार होने की फिराक में थे, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में साजिद पुत्र जुम्मा (50), फिजा पुत्री साजिद (20) और सबीना पुत्री साजिद (18), सभी निवासी ग्राम मड़ैया देवी, महुआखेड़ागंज, थाना आईटीआई, ऊधमसिंहनगर शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पाण्डेय, चौकी प्रभारी पैगा विक्रम सिंह धामी, अ0उ0नि0 दीपक चौहान, कांस्टेबल हरीश नेगी, जगदीश दुगताल, महिला कांस्टेबल राधा गोस्वामी और कांस्टेबल धर्मेंद्र भारती शामिल रहे।
Advertisement
Advertisement
Advertisement