मोदी सरकार ने देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया : प्रदीप बत्रा
रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में ‘विकास, विश्वास एवं जनकल्याण’ विषय पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मूल मंत्र के साथ केंद्र सरकार ने देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है। सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की सोच के साथ कार्य किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, जनधन योजना और मुद्रा योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
प्रदीप बत्रा ने कहा कि भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व स्तर पर उसकी प्रतिष्ठा मजबूत हुई है। देश की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हुई है तथा आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है। डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने देश की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान की है।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, समर्पण और सुशासन के स्वर्णिम काल के रूप में याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्यों को नई गति मिली है। केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग तथा आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ कार्य कर रही है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में शहरी विकास को नई दिशा मिली है। स्मार्ट सिटी, स्वच्छ भारत मिशन और अमृत योजना जैसी परियोजनाओं के माध्यम से नगरों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है तथा नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आया है।
प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
इस अवसर पर जिला महामंत्री तरुण दत्ता, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, रामपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा रश्मि रस्तोगी, उपेंद्र चौधरी, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नेतृपाल मौर्य, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, कार्यालय मंत्री मोर सिंह, सुरेंद्र चौधरी, मीडिया संयोजक विजय तोमर, राकेश सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







