*कर्मचारियों के नियमितीकरण, पेंशन और समान वेतन का मुद्दा कुलपति के समक्ष उठाया विधायक बेहड़ ने* * *पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसके कश्यप से मिले विधायक तिलक राज बेहड़, लंबित समस्याओं के समाधान की मांग* * *मृतक आश्रितों की नियुक्ति, गोल्डन कार्ड लागू करने और कैंपस स्कूल के राजकीयकरण का भी उठाया मुद्दा*

*कर्मचारियों के नियमितीकरण, पेंशन और समान वेतन का मुद्दा कुलपति के समक्ष उठाया विधायक बेहड़ ने*

 

* *पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसके कश्यप से मिले विधायक तिलक राज बेहड़, लंबित समस्याओं के समाधान की मांग*

 

* *मृतक आश्रितों की नियुक्ति, गोल्डन कार्ड लागू करने और कैंपस स्कूल के राजकीयकरण का भी उठाया मुद्दा*

 

किच्छा। किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के कुलपति डॉ. एसके कश्यप से उनके कार्यालय में मुलाकात कर विश्वविद्यालय कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के नियमितीकरण, पेंशन, समान कार्य के लिए समान वेतन सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाते हुए इनके शीघ्र समाधान की मांग की।

 

विधायक बेहड़ ने कुलपति के समक्ष वर्ष 2003 से पूर्व सेवारत कर्मचारियों के नियमितीकरण का मामला प्रमुखता से रखा। उन्होंने ठेका कर्मचारियों को उपनल कर्मचारियों की तर्ज पर समान कार्य के लिए समान वेतन देने, लंबित पेंशन समस्याओं का निस्तारण करने और विश्वविद्यालय में राज्य स्वास्थ्य योजना (गोल्डन कार्ड) लागू करने की मांग की। इसके अलावा पांच वर्षों से लंबित मृतक आश्रितों की नियुक्तियां मृतक आश्रित सेवा नियमावली 1974 के तहत करने तथा विश्वविद्यालय परिसर स्थित कैंपस स्कूल को विश्वविद्यालय में समाहित करने अथवा उसका राजकीयकरण करने का विषय भी उठाया।

 

बेहड़ ने कहा कि कर्मचारियों की ये समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। इनके समाधान के लिए वह पूर्व में भी कई बार पत्राचार कर चुके हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से सभी मामलों पर गंभीरता से विचार कर कर्मचारियों के हित में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

 

इस दौरान विधायक ने पंतनगर क्षेत्र में राज्य योजना और मुख्यमंत्री घोषणा के तहत करीब छह किलोमीटर सड़क के सुधारीकरण की स्वीकृति मिलने तथा अधिकांश कार्य पूरे होने की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में पंतनगर के विकास के लिए करीब 80 लाख रुपये के विभिन्न कार्य स्वीकृत कराए गए हैं। इनमें अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष कार्य प्रगति पर हैं।

 

बेहड़ ने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में शौचालय निर्माण, सोलर लाइट स्थापना, आंतरिक सड़कों का निर्माण एवं सुधारीकरण, मंदिरों का सौंदर्यीकरण, वाटर कूलर लगाने, कर्मचारी संघ कार्यालय के सौंदर्यीकरण और विभिन्न धार्मिक स्थलों पर टीन शेड निर्माण जैसे कार्य कराए गए हैं।

 

कुलपति डॉ. एसके कश्यप ने पंतनगर क्षेत्र में विधायक बेहड़ की ओर से कराए गए विकास कार्यों की सराहना की। साथ ही कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि विश्वविद्यालय कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement