*रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में 2027-28 से शुरू होगा एमबीबीएस का सत्र*
*100 सीटों पर होंगे प्रवेश, महापौर विकास शर्मा ने मुख्यमंत्री धामी का जताया आभार*
रुद्रपुर। रुद्रपुर के पंडित राम सुमेर शुक्ल स्मृति मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2027-28 से एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होने जा रही है। कॉलेज में 100 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश के साथ शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होंगी। इस उपलब्धि को रुद्रपुर और कुमाऊं मंडल के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए महापौर विकास शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज लंबे समय से प्रतीक्षित परियोजना थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसमें व्यक्तिगत रुचि लेते हुए वित्तीय स्वीकृति और धनराशि जारी कराने के लिए लगातार प्रयास किए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य और कॉलेज के संचालन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
महापौर ने बताया कि उन्होंने भी समय-समय पर मेडिकल कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया और कॉलेज के प्राचार्य से लगातार संवाद बनाए रखा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का संचालन शुरू करने की दिशा में शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों से महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज शुरू होने से शहर को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। इससे स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही रुद्रपुर समेत पूरे कुमाऊं मंडल, उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
महापौर ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के संचालन से क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुनः आभार जताते हुए रुद्रपुर की जनता, प्रबुद्ध नागरिकों और युवाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


