*रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 100 सीटों को मंजूरी, शिव अरोड़ा का संकल्प साकार*
*विधायक ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर जताई खुशी, चिकित्सकों और कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर मनाया जश्न*
*मुख्यमंत्री धामी और सांसद अजय भट्ट का जताया आभार, वर्ष 2027 से पढ़ाई शुरू होने का रास्ता साफ*
रुद्रपुर। पंडित राम सुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर में एमबीबीएस की 100 सीटों को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से मंजूरी मिलने पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। इस उपलब्धि पर विधायक शिव अरोड़ा मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होने का मार्ग प्रशस्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि वर्ष 2022 में विधायक बनने से पहले उन्होंने रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू कराने का संकल्प लिया था। 100 सीटों को मंजूरी मिलने के साथ ही उनका यह संकल्प साकार हुआ है। उन्होंने इसे रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। इससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, आने वाले समय में क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
विधायक ने बताया कि पिछले दिनों मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के समक्ष वर्चुअल माध्यम से कॉलेज का पक्ष रखा था। इसके बाद एमबीबीएस की 100 सीटों को मंजूरी मिली। इससे वर्ष 2027 से कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों का परिणाम सामने आने से उन्हें संतोष और प्रसन्नता है।
मुख्यमंत्री धामी और सांसद अजय भट्ट का जताया आभार
शिव अरोड़ा ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के प्रति प्रतिबद्धता से यह उपलब्धि हासिल करने में मदद मिली है। उन्होंने नैनीताल सांसद अजय भट्ट के प्रयासों और मार्गदर्शन के लिए भी धन्यवाद दिया। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के सहयोग के प्रति आभार जताया।
मेडिकल कॉलेज की प्रगति पर लगातार रखी नजर
विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण और उसकी प्रगति को लेकर वह शुरुआत से ही गंभीर रहे हैं। निर्माण कार्य और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के लिए उनकी कॉलेज के प्राचार्य से नियमित बातचीत होती रही है। वह समय-समय पर कॉलेज पहुंचकर कार्यों की प्रगति का जायजा भी लेते रहे। उनका प्रयास था कि निर्माण कार्य में तेजी आए और जल्द से जल्द यहां एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू हो सके।
उन्होंने कहा कि 100 सीटों की मंजूरी पूरे रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए गर्व का विषय है। इससे क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा का विस्तार होगा और स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
चिकित्सकों और कर्मचारियों को खिलाई मिठाई
मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर प्राचार्य डॉ. चंद्र प्रकाश भैसोड़ा सहित चिकित्सकों और कर्मचारियों ने विधायक शिव अरोड़ा का बुके देकर स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा विधायक के समर्थन में नारे लगाकर खुशी जताई।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चंद्र प्रकाश भैसोड़ा, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. सुमन कुमारी पांडेय, विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, डॉ. आदित्य चौहान, डॉ. वीके द्विवेदी, डॉ. सृजन श्रीवास्तव, डॉ. वरुण प्रसाद सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इनके अलावा भाजपा नेता गुन्नू चौधरी, पार्षद कैलाश राठौर, राजेंद्र राठौर, राधेश शर्मा, नरेश उप्रेती, निमित शर्मा, महेंद्र आर्य, शंकर विश्वास, सतनाम सिंह, सुनील यादव, जितेंद्र चौहान, मनोज मदान, संदीप राव, नितेश गुप्ता, मयंक कक्कड़, विक्की राघव और एमपी मौर्य सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


