*गौलापुल से नदी में कूदे 12वीं के छात्र का शव बरामद, परिवार में मचा कोहराम*

*गौलापुल से नदी में कूदे 12वीं के छात्र का शव बरामद, परिवार में मचा कोहराम*

हल्द्वानी। गौलापुल से नदी में छलांग लगाने वाले 17 वर्षीय छात्र का शव सोमवार सुबह एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब पौने पांच बजे एक किशोर ने गौलापुल से नदी में छलांग लगा दी। घटना को देख मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची तथा देर रात तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन छात्र का कोई पता नहीं चल सका।

सोमवार सुबह करीब सात बजे एसडीआरएफ ने दोबारा अभियान शुरू किया और काफी तलाश के बाद नदी से छात्र का शव बरामद कर लिया। मृतक की पहचान प्रियांशु बिष्ट (17) पुत्र गोविंद सिंह, निवासी मोतीनगर, हाथीखाल, मां जगदंबा कॉलोनी, लालकुआं के रूप में हुई। वह मोतीनगर इंटर कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र था।

परिजनों ने बताया कि रविवार शाम प्रियांशु घर से ड्राइविंग से संबंधित कागजात लेने की बात कहकर निकला था। कुछ देर बाद उसके नदी में कूदने की सूचना मिली। मृतक के पिता कार मैकेनिक हैं। बेटे की मौत की खबर के बाद परिवार गहरे सदमे में है और घर में मातम पसरा हुआ है।

एसडीआरएफ ने शव को बनभूलपुरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक मनीष भाकुनी, हेमंत कुमार तथा पुलिसकर्मी सुच्चा सिंह, लक्ष्मण और हरीश रावत शामिल रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement