*_उज्जैन में अजब प्यार की कहानी: दूल्हे की मां को दुल्हन के पिता से हुआ इश्क, शादी से पहले ही दोनों हुए फरार_*

*_उज्जैन में अजब प्यार की कहानी: दूल्हे की मां को दुल्हन के पिता से हुआ इश्क, शादी से पहले ही दोनों हुए फरार_*

उज्जैन। उज्जैन के बड़नगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो परिवारों की तयशुदा शादी से पहले ही समधी और समधन आपस में प्रेम के बंधन में बंध गए। इस अनोखे रिश्ते ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है।जानकारी के अनुसार, ऊंटवासा निवासी 45 वर्षीय महिला अपने बेटे की शादी की तैयारी में जुटी थी। बेटा चिकली गांव की एक युवती से शादी करने वाला था। इसी बीच महिला का रिश्ता दुल्हन के पिता, 50 वर्षीय किसान, से इतना गहरा हो गया कि दोनों ने परिवार और समाज की परवाह किए बिना साथ भाग जाने का फैसला कर लिया।

महिला के आठ दिन तक घर से लापता रहने पर उसके बेटे ने बड़नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की और गुरुवार को दोनों को बरामद कर थाने लाया। पूछताछ के दौरान महिला ने साफ कहा कि वह अब अपने पति के पास नहीं लौटेगी और अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है।

पुलिस ने जब दोनों की उम्र और स्थिति की जांच की तो पाया कि दोनों बालिग हैं। ऐसे में यह मामला पूरी तरह व्यक्तिगत होने के कारण किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।

गांव में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे एक “फिल्मी प्रेम कहानी” कहकर देख रहे हैं, जिसने दो परिवारों के रिश्तों की दिशा ही बदल दी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement