*इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेसियों ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, दी श्रद्धांजलि*
*ममता रानी बोलीं- साहसिक निर्णयों और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए हमेशा याद की जाएंगी इंदिरा गांधी*
रुद्रपुर। देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेसियों ने गांधी पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान वक्ताओं ने उनके जीवन, संघर्ष और देश के विकास में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी गांधी पार्क पहुंचे। इस दौरान ममता रानी ने कहा कि इंदिरा गांधी देश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई साहसिक और ऐतिहासिक निर्णय लेकर विश्व पटल पर भारत की मजबूत पहचान बनाई। वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस युद्ध में पाकिस्तान के करीब 93 हजार सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद बांग्लादेश का गठन हुआ। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के चलते इंदिरा गांधी को पूरी दुनिया में आयरन लेडी के रूप में पहचान मिली। उस समय विपक्ष के नेता रहे अटल बिहारी वाजपेयी ने भी उनके नेतृत्व की सराहना की थी।
ममता रानी ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश के विकास को नई दिशा देने के साथ ही भारत को प्रगतिशील राष्ट्रों की श्रेणी में खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके साहसिक निर्णय और दूरदर्शी नेतृत्व हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि आजादी के बाद से कांग्रेस ने हमेशा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास किया है। इंदिरा गांधी देश के करोड़ों लोगों के लिए मार्गदर्शक रही हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए सभी को राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
इस दौरान गोपाल भसीन, रणजीत राणा, उमा सरकार, प्रीति साना, आजम खान, विकास विश्वास, आमान खान, सुभाष राय, सुनील चुग, कैलाश चंद, संजय ठुकराल, संजय आइस, करीम अहमद, मोहन भारद्वाज, करण गंगवार, अमन खान, मोहम्मद इकराम, राधेश्याम बंसल, कमर खान, निसार अहमद, सुनील जड़वानी, भूपेश सोनी, अबरार अहमद, अशफाक अंसारी, जगदीश दास, केरू मंडल, प्रवेश कोली, शेखर गुप्ता, एडवोकेट इंद्रजीत बिट्टा, परवेज कुरैशी, बाबू विश्वकर्मा, शुभम दास, बाबू खान, अरशद खान, हिम्मत राम कोली, फैज राज खान और जमुना प्रसाद कोली सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे।



