*रुद्रपुर विधानसभा से टिकट की दावेदारी लेकर दिल्ली पहुंचीं किरण पांडे विश्वास*
*अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सामने उठाए बंगाली समाज के आरक्षण, स्थानीय रोजगार और क्षेत्र के विकास के मुद्दे*
रुद्रपुर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी की प्रदेश महासचिव एवं महिला नेत्री किरण पांडे विश्वास ने दिल्ली पहुंचकर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत उत्तराखंड के वरिष्ठ पार्टी नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से आगामी चुनाव में पार्टी प्रत्याशी बनाए जाने की दावेदारी पेश की। साथ ही क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर नेतृत्व को ज्ञापन सौंपा।
किरण पांडे विश्वास ने बंगाली समाज के संवैधानिक अधिकारों और आरक्षण, स्थानीय युवाओं के रोजगार, महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, पलायन और औद्योगिक विकास जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है, जो जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करे।
उन्होंने बंगाली समाज के नामशूद्र, पौंड्र और राजवंशी सहित पात्र पुनर्वासित समुदायों को संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप अधिकार, आरक्षण और सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बंगाली समाज लंबे समय से प्रमाणपत्र, भूमि अधिकार, शिक्षा और सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहा है। पात्र लोगों को उनका अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए।
औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने औद्योगिक इकाइयों में 70 प्रतिशत रोजगार स्थानीय युवाओं को उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी नीति बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में उद्योग स्थापित होने के बावजूद यहां के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है। इस स्थिति में बदलाव जरूरी है।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए उन्होंने दिल्ली की तर्ज पर सरकारी विद्यालयों को आधुनिक और डिजिटल बनाने का प्रस्ताव रखा। इसके तहत डिजिटल क्लासरूम, आधुनिक शिक्षण उपकरण और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर जिला अस्पताल के उच्चीकरण, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही प्रत्येक वार्ड में मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर स्वास्थ्य केंद्र स्थापित कर प्राथमिक उपचार, जांच और निशुल्क दवाइयों की सुविधा देने का सुझाव दिया।
महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर उन्होंने महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता देने और उन्हें स्वरोजगार एवं कौशल विकास से जोड़ने की योजना का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक और राजनीतिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस प्रयास किए जाने चाहिए। इसके अलावा रुद्रपुर में बढ़ते अपराध, नशाखोरी और महिला सुरक्षा पर चिंता जताते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
किरण पांडे विश्वास ने कहा कि महिलाओं को केवल संगठन में पद और जिम्मेदारियां देने तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि उन्हें चुनाव लड़ने और विधानसभा में जनता की आवाज उठाने का अवसर भी मिलना चाहिए। उन्होंने वर्ष 2024 में भाजपा से जुड़े अपने टिकट प्रकरण को राजनीतिक षड्यंत्र बताते हुए कहा कि वह अब जनता के अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाना चाहती हैं।
उन्होंने पार्टी नेतृत्व से रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का अवसर देने का आग्रह करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता पद और सत्ता नहीं, बल्कि गरीबों, मजदूरों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों को उनका अधिकार दिलाना है। पार्टी उन्हें प्रत्याशी बनाती है तो वह जनता के बीच जाकर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास के लिए संघर्ष करेंगी।
इस दौरान उत्तराखंड प्रभारी महेंद्र यादव, सह प्रभारी डॉ. युवराज भारद्वाज, प्रदेश अध्यक्ष उमा सिसोदिया, प्रदेश महासचिव श्याम बाबू पांडे, ऊषा शर्मा, नानकमत्ता विधानसभा कोऑर्डिनेटर मधु राणा, जिला उपाध्यक्ष गुरनाम सिंह, कुलवंत सिंह, रंजीत सिंह, ऊधम सिंह नगर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष विद्या रावत समेत उत्तराखंड के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दिल्ली में हुई इस मुलाकात के बाद रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी की संभावित चुनावी रणनीति और प्रत्याशी चयन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब पार्टी नेतृत्व किरण पांडे विश्वास की दावेदारी पर क्या निर्णय लेता है, इस पर राजनीतिक नजरें टिकी हैं।



