*15 लाख का इनामी लश्कर कमांडर मुठभेड़ के बाद फरार होने की आशंका, कुलगाम में सर्च ऑपरेशन तेज*
*सहयोगी के मारे जाने के बाद सुरक्षाबलों ने बढ़ाई घेराबंदी, लारू और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान जारी*
श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में लश्कर-ए-तैयबा के वांछित कमांडर मोहम्मद लतीफ भट की तलाश में सुरक्षाबलों का अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। आशंका जताई जा रही है कि सोमवार को लारू में हुई मुठभेड़ के दौरान 15 लाख रुपये का इनामी भट सुरक्षाबलों को चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने उसके फरार होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को लारू में आतंकियों के साथ हुई गोलीबारी में भट का एक सहयोगी मारा गया, जिसकी पहचान उमर निसार डार के रूप में होने की आशंका है। इसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। मंगलवार को भी वांछित कमांडर की तलाश में अभियान तेज रखा गया और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लारू में आतंकवाद रोधी अभियान जारी है। हालांकि, इस बात को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है कि भट घेराबंदी वाले इलाके में मौजूद है या वहां से निकलने में सफल रहा है।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, लश्कर कमांडर भट दक्षिण कश्मीर में सुरक्षाकर्मियों और नागरिकों पर हुए कई हमलों में वांछित है। इनमें हाल ही में अखरान स्थित सीआरपीएफ नाके पर हुआ हमला भी शामिल है। बताया गया कि 11 नवंबर को उमर डार ने भट के साथ मिलकर सीआरपीएफ नाके पर हमला किया था। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे। सुरक्षा एजेंसियों ने 11 नवंबर के सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान दोनों संदिग्धों को अलग-अलग स्थानों पर देखा था। फिलहाल सुरक्षाबल भट की तलाश में अभियान चला रहे हैं।



