*बाल दिवस पर होली चाइल्ड स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति से की मुलाकात*
*राष्ट्रपति भवन का किया भ्रमण, महामहिम ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए किया प्रेरित*
रुद्रपुर। बाल दिवस के अवसर पर होली चाइल्ड स्कूल के चार विद्यार्थियों को राष्ट्रपति भवन का भ्रमण करने और देश की राष्ट्रपति से शिष्टाचार भेंट करने का विशेष अवसर मिला। प्रधानाचार्य एवं उप-प्रधानाचार्या (अकादमिक) के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से संवाद किया। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
प्रतिनिधिमंडल में विद्यालय के प्रधानाचार्य एम. दुबे, उप-प्रधानाचार्या (अकादमिक) मंजू अधिकारी तथा कक्षा नौ के अंशदीप सिंह और कक्षा आठ की आस्था यादव, सिद्धि छाबड़ा एवं वैदेही छिमवाल शामिल रहे। इस दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन की ऐतिहासिक और स्थापत्य कला की भव्यता को करीब से देखा।
भेंट के दौरान राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, पूरी लगन और समर्पण के साथ शिक्षा ग्रहण करने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनकर देश के विकास में योगदान देने का संदेश दिया।
प्रधानाचार्य एम. दुबे ने इस उपलब्धि को विद्यालय परिवार के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। वहीं, उप-प्रधानाचार्या मंजू अधिकारी ने कहा कि इस तरह के अनुभव विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें जीवन में ऊंचे लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देते हैं।
विद्यालय के संरक्षक योगराज बत्रा, चेयरमैन रोहिताश बत्रा, वाइस चेयरमैन विकास बत्रा, एमडी पूजा बत्रा और उप-प्रधानाचार्य (एडमिन) प्रदीप कुमार जोशी ने भी प्रतिनिधिमंडल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अपनी प्रतिभा एवं अनुशासन से विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
राष्ट्रपति भवन का यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए यादगार अनुभव रहा। सभी विद्यार्थी नई प्रेरणा, उत्साह और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के संकल्प के साथ लौटे।



