*2027 विधानसभा चुनाव: किरण पांडे विश्वास ने रुद्रपुर सीट से पेश की दावेदारी*
*आप महिला मोर्चा की प्रदेश महासचिव ने चुनाव प्रभारी व कुमाऊं क्षेत्रीय अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, महिलाओं और युवाओं के मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही*
रुद्रपुर। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी की प्रदेश महासचिव (महिला मोर्चा) किरण पांडे विश्वास ने 66 रुद्रपुर विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी बनाए जाने के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने इस संबंध में पार्टी के ऊधम सिंह नगर चुनाव प्रभारी विजय सिंह, कुमाऊं क्षेत्रीय अध्यक्ष गजपाल सिंह और युवा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में किरण पांडे विश्वास ने अपने सामाजिक, राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वह लंबे समय से रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं को लेकर सक्रिय हैं। महिला सुरक्षा, महिलाओं के सम्मान, गरीब एवं मजदूर परिवारों के अधिकार, युवाओं के रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उन्होंने लगातार उठाया है।
उन्होंने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर रुद्रपुर में निकाली गई तिरंगा यात्रा, मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के विरोध में किए गए प्रदर्शन और भगवानपुर क्षेत्र के प्रभावित गरीब परिवारों के पुनर्वास एवं उचित मुआवजे की मांग को लेकर किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया।
किरण पांडे विश्वास ने कहा कि राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना समय की जरूरत है। महिलाओं को केवल मतदान तक सीमित न रखकर राजनीतिक नेतृत्व में भी उचित अवसर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में महिला सुरक्षा, युवाओं के लिए रोजगार, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं तथा गरीब परिवारों के अधिकार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें प्रत्याशी बनने का अवसर दिया तो वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी की जीत के लिए काम करेंगी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से अपने सामाजिक कार्यों, संगठनात्मक योगदान और राजनीतिक सक्रियता को देखते हुए प्रत्याशी चयन प्रक्रिया में उनके नाम पर गंभीरता से विचार करने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि उनकी दावेदारी का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि रुद्रपुर की जनता की आवाज बनना, महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व में आगे लाना और क्षेत्र की जनसमस्याओं को विधानसभा तक पहुंचाना है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रुद्रपुर सीट पर उनकी दावेदारी को पार्टी की चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



