*गुरु पर्व नगर कीर्तन की तैयारियों ने पकड़ा जोर, विधायक शिव अरोरा ने किया मार्ग का निरीक्षण*
*22 नवंबर को निकलेगा भव्य नगर कीर्तन, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के अधिकारियों को दिए निर्देश*
रुद्रपुर। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 22 नवंबर को रुद्रपुर में निकलने वाले भव्य नगर कीर्तन की तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर कीर्तन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विधायक शिव अरोरा ने गुरुद्वारा गोल मार्केट प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों एवं गणमान्य लोगों के साथ निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया।
इस दौरान विधायक ने त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक नगर कीर्तन के मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन से पहले मार्ग की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर का नगर कीर्तन भव्य स्वरूप में आयोजित होता है, जिसमें शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में मार्ग पर किसी भी तरह की बाधा या अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर नगर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहता है। नगर कीर्तन सिख समाज की धार्मिक आस्था, सेवा, समर्पण और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नगर कीर्तन के मार्ग पर बाजार क्षेत्र में सड़कों के निर्माण का कार्य पहले ही पूरा कराया जा चुका है। शेष व्यवस्थाओं को भी समय रहते पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है, जिससे आयोजन भव्य और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान देवभूमि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, गुरुद्वारा कमेटी के सरदार जोगेंद्र सिंह, अजमेर सिंह, जीत सिंह, जैनीसरेन सिंह, वीरेंद्र सुखीजा, सरवन सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



