*नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में एबीवीपी प्रत्याशी समेत चार गिरफ्तार* *कटघरिया के होटल में वारदात का आरोप, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाल जुटाए साक्ष्य; बिना आईडी कमरा देने पर होटल संचालक भी जांच के घेरे में*

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने एबीवीपी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी धीरज बिष्ट समेत चार युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना कटघरिया स्थित एक होटल में देर रात की बताई जा रही है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मामले में धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गौनी को गिरफ्तार किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।

जांच के दौरान कटघरिया स्थित त्रिशूल होटल का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस टीम ने होटल पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में होटल प्रबंधन की ओर से बिना पहचान पत्र के कमरा उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई है। पुलिस इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए होटल संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। नाबालिग पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement