*खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्धः विकास शर्मा* *राज्य स्तरीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता का महापौर ने किया शुभारंभ, विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित*

*खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्धः विकास शर्मा*

 

*राज्य स्तरीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता का महापौर ने किया शुभारंभ, विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित*

 

रुद्रपुर। मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालयी शिक्षा एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ महापौर विकास शर्मा ने किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने दौड़, हाई जंप सहित एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान महापौर ने प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

 

प्रतियोगिता में पहुंचे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि खेल के मैदान में सफलता हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन, धैर्य और निरंतर अभ्यास जरूरी है। हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

 

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को भी उचित मंच मिले, ताकि युवा अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकें। खेल अवसंरचना का विस्तार, छात्रवृत्ति और मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना जैसी पहल खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही हैं।

 

उन्होंने कहा कि खेल बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से शारीरिक और मानसिक मजबूती के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। इसलिए पढ़ाई के साथ बच्चों को खेल गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

 

महापौर ने कहा कि रुद्रपुर को खेल गतिविधियों के बेहतर केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम जैसे खेल परिसर स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। शहर में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना और युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

 

उन्होंने आयोजन से जुड़े शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों और खेल प्रशिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी की खेल प्रतिभाओं को निखारने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतिभाग करने तथा अपने विद्यालय, जनपद और प्रदेश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी सावेद आलम, राजकुमार चौधरी, दीपक शर्मा, संजीव बूढ़ोरी, हरीश धनाई, संदीप धीर, जिला खेल समन्वयक दिनेश कुमार, सनातन धर्म इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य ज्योति राज, गुरु नानक इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य प्रीति अग्रवाल, एंजेल इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य श्री सरस्वत, राजकीय इंटर कॉलेज चुटकी देवरिया के प्रधानाचार्य आमोद सक्सेना सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और खेल प्रशिक्षक मौजूद रहे। पार्षद पवन राणा, प्रवीण यादव, गौरव जुयाल सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement