*दीपावली पर बाजार में जाम से मिलेगी राहत, सड़क किनारे बनेगी पार्किंग*
*महापौर ने त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, अतिक्रमण पर जताई नाराजगी*
रुद्रपुर। दीपावली पर बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को जाम और पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर विकास शर्मा ने गुरुवार को नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं नाला निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़ी फल और अन्य सामान की ठेलियां देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। महापौर ने अधिकारियों को सड़क किनारे जमा मिट्टी और निर्माण सामग्री हटाकर सफाई कराने तथा ठेली संचालकों को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित ढंग से कारोबार करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि दीपावली के दौरान बाजार में आने वाले व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सड़क निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। ऐसे में अतिक्रमण या अव्यवस्थित कारोबार के कारण नई सड़कों को नुकसान पहुंचाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सड़क किनारे विकसित होगी पार्किंग
निरीक्षण के दौरान महापौर ने बताया कि त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक सड़क निर्माण का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। सड़क किनारे जमा मिट्टी हटाकर सफाई कराने के बाद यहां पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे त्रिशूल चौक से वेंडिंग जोन तक आने वाले लोगों को वाहन खड़े करने के लिए पर्याप्त स्थान मिल सकेगा। गांधी पार्क के समीप निर्माणाधीन सड़क के पास भी पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इन व्यवस्थाओं से दीपावली पर बाजार में वाहनों का दबाव कम करने और जाम की समस्या से राहत दिलाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सड़कों पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।
ठेली संचालकों को निर्धारित स्थान पर करना होगा कारोबार
महापौर विकास शर्मा ने ठेली संचालकों से व्यवस्था बनाने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम किसी को रोजगार से वंचित नहीं करना चाहता, लेकिन कारोबार के नाम पर सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। ठेली संचालकों को निर्धारित स्थान पर ही अपनी ठेलियां लगानी होंगी।
उन्होंने कहा कि ठेली का स्वरूप ठेली जैसा ही रहना चाहिए। सड़क पर शोरूम की तरह सामान फैलाकर कारोबार करने से आवागमन बाधित होता है। नई बनी या निर्माणाधीन सड़कों को खोदने और नुकसान पहुंचाने से सरकारी धन की बर्बादी होती है। नगर निगम की ओर से जहां स्थान निर्धारित किया जाएगा, वहीं कारोबार करना होगा। व्यवस्था बनाने में सहयोग करने वाले ठेली संचालकों के हितों का भी ध्यान रखा जाएगा।
चार नवंबर से शुरू होगा स्वदेशी दीपावली मेला
महापौर ने बताया कि शहरवासियों और स्थानीय व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर स्वदेशी दीपावली मेले का आयोजन भी किया जा रहा है। मेला चार नवंबर से विधिवत शुरू होगा। इसमें लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के सामान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इससे दीपावली की खरीदारी आसान होने के साथ स्थानीय कारोबार को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहर के नागरिक, व्यापारी और छोटे दुकानदार मिलकर दीपावली का त्योहार उल्लास के साथ मनाएं। इसके लिए सफाई, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से नगर निगम का सहयोग करने की अपील की, ताकि त्योहार के दौरान शहर में स्वच्छता बनी रहे और लोगों को जाम व अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान नामित पार्षद राजन राठौर, वार्ड संख्या 40 के पार्षद बीनू, वार्ड संख्या एक के पार्षद पवन राणा, वार्ड संख्या 35 के पार्षद इंद्रजीत, पार्षद संघ अध्यक्ष राजेश जग्गा, नगर निगम के जेई शुभम चौहान, गौरव जुयाल, आशीष यादव और समाजसेवी गुरमीत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


