ट्रांजिट कैंप में सस्ता गल्ला दुकानों की संख्या बढ़ाने की मांग
40 से 50 हजार की आबादी पर एक दुकान होने से राशन वितरण में परेशानी, खाद्य मंत्री ने सचिव को दिए कार्रवाई के निर्देश
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों की संख्या बढ़ाने और लंबे समय से रिक्त दुकानों का संचालन शुरू कराने की मांग को लेकर विधायक शिव अरोरा ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्य से मुलाकात की। गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान विधायक ने मंत्री को पत्र सौंपकर क्षेत्र में राशन वितरण से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। इस पर खाद्य मंत्री ने खाद्य सचिव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
विधायक शिव अरोरा ने पत्र में बताया कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में करीब 40 से 50 हजार की आबादी निवास करती है। इसके बावजूद सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से पात्र लाभार्थियों को राशन लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि जिला पूर्ति अधिकारी, ऊधम सिंह नगर की ओर से 22 दिसंबर 2022 को जारी पत्र के तहत शहरी क्षेत्र की रिक्त सस्ता गल्ला दुकानों की सूची तैयार की गई थी। इन दुकानों का संचालन शुरू कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों में काम करते हैं और दैनिक मजदूरी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। राशन की दुकानों की कमी के कारण लोगों को लंबी कतारों में लगना पड़ता है। इससे उनका समय बर्बाद होने के साथ ही कई बार मजदूरी भी प्रभावित होती है। ऐसे में क्षेत्र की आबादी और वार्डों की जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सस्ता गल्ला दुकानें खोलना जरूरी है।
विधायक ने खाद्य मंत्री से लंबे समय से रिक्त दुकानों को जल्द शुरू कराने और क्षेत्र में दुकानों की संख्या बढ़ाने की मांग की, ताकि पात्र परिवारों को आसानी से राशन मिल सके। खाद्य मंत्री रेखा आर्य ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित पत्र खाद्य सचिव को भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक ने उम्मीद जताई कि विभाग जल्द कदम उठाएगा, जिससे ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के हजारों परिवारों को राशन वितरण संबंधी समस्याओं से राहत मिल सकेगी।


