*एथराइज स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में होली चाइल्ड स्कूल का शानदार प्रदर्शन*
*6 स्वर्ण, 7 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया विद्यालय का गौरव*
रुद्रपुर। देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित एथराइज स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में होली चाइल्ड स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 15 पदक अपने नाम किए। इनमें 6 स्वर्ण, 7 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। स्वर्ण पदक जीतने वालों में कृष्णा भारद्वाज ने ऊंची कूद, हनी सिंह ने गोला फेंक, अब्दुल्ला ने 200 मीटर दौड़, दिलप्रीत ने लंबी कूद और आगमन शर्मा ने 200 मीटर दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं, देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित टेबल टेनिस प्रतियोगिता में कुशाग्र भटनागर ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया।
रजत पदक विजेताओं में भास्कर शर्मा ने भाला फेंक, अब्दुल्ला ने 100 मीटर दौड़, दिलप्रीत ने 100 मीटर दौड़, हितेन सिंह जलाल ने ऊंची कूद, आगमन शर्मा ने 100 मीटर दौड़ तथा मन्नत कौर ने लंबी कूद और 100 मीटर दौड़ में पदक हासिल किए। वहीं, हनी सिंह ने भाला फेंक और अगम्या सिंह ने 30 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर संस्था के संरक्षक योगराज बत्रा, चेयरमैन रोहिताश बत्रा, वाइस चेयरमैन विकास बत्रा, प्रबंध निदेशक पूजा बत्रा, विद्यालय के प्रधानाचार्य मिंटू दूबे, उपप्रधानाचार्य (प्रशासन) प्रदीप कुमार जोशी, उपप्रधानाचार्य (शैक्षणिक) मंजू अधिकारी और शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सुधाकर सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवार ने पदक विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।


