*हरीश रावत की खानपुर सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा, बोले- पार्टी का फैसला मंजूर*
*परिवारवाद के आरोपों पर दी सफाई, भाजपा को चुनौती देना कांग्रेस की प्राथमिकता बताया*
हल्द्वानी। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। मंगलवार को हल्द्वानी पहुंचे हरीश रावत ने हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि उनका मन खानपुर से चुनाव लड़ने का है, लेकिन अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व को लेना है। पार्टी नेतृत्व जो भी फैसला करेगा, वह उन्हें स्वीकार होगा और उसी के अनुरूप चुनाव लड़ेंगे।
परिवार के सदस्यों को टिकट दिए जाने के सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि उनके परिवार के लोग पिछले 20 से 25 वर्षों से जनता के बीच रहकर काम कर रहे हैं। ऐसे में परिवारवाद का आरोप लगाने वालों को उनके लंबे राजनीतिक और सामाजिक जुड़ाव को भी ध्यान में रखना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी प्राथमिकता भाजपा को चुनौती देना और कांग्रेस को मजबूत करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस के मजबूत प्रत्याशी के साथ वह खड़े हैं। उनके अनुसार, चुनाव में पार्टी की मजबूती और भाजपा को कड़ी चुनौती देना सबसे महत्वपूर्ण है।
हरीश रावत के इस बयान के बाद उत्तराखंड की सियासत में उनके संभावित चुनावी क्षेत्र को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब कांग्रेस नेतृत्व के फैसले पर सबकी निगाहें टिकी हैं।


