*बाजपुर में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, मुख्यमंत्री धामी ने किया हवाई सर्वेक्षण* *प्रभावित खेतों का स्थलीय निरीक्षण कर किसानों से की मुलाकात, अधिकारियों को जल्द नुकसान का आकलन कर राहत देने के निर्देश*

*बाजपुर में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, मुख्यमंत्री धामी ने किया हवाई सर्वेक्षण*

 

*प्रभावित खेतों का स्थलीय निरीक्षण कर किसानों से की मुलाकात, अधिकारियों को जल्द नुकसान का आकलन कर राहत देने के निर्देश*

 

हल्द्वानी/बाजपुर। बाजपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण और स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

 

शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बाजपुर क्षेत्र में अचानक हुई ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे। ओलावृष्टि और फसलों को हुए नुकसान की जानकारी मिलते ही उन्होंने खराब मौसम के बावजूद अपने हेलीकॉप्टर को बाजपुर ले जाने के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। बाजपुर पहुंचने पर उन्होंने प्रभावित खेतों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

 

मुख्यमंत्री ने किसानों से सीधे संवाद कर फसलों को हुए नुकसान और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का विस्तृत सर्वेक्षण कर आकलन प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए। साथ ही प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने को कहा।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है। प्रभावित किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नुकसान के आकलन से लेकर राहत राशि उपलब्ध कराने तक की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। किसानों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।

Advertisement
Advertisement
Advertisement