देवभूमि उत्तराखण्ड मे देर रात तक मना नए साल का जश्न 

देवभूमि उत्तराखण्ड मे देर रात तक मना नए साल का जश्न

 

पहाड़ों में उमड़ा उत्साह और उल्लास,पर्यटक की उमड़ी भीड़

देहरादून/मसूरी/नैनीताल/रामनगर/ । उत्तराखंड में नववर्ष 2026 का स्वागत धूमधाम और उत्साह के साथ हुआ। प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल मसूरी, नैनीताल, रामनगर, डोईवाला और आसपास के क्षेत्रें में देश-विदेश से आए हजारों पर्यटक ठंडी हवाओं के बीच नववर्ष का जश्न मनाने पहुंचे। मसूरी, जिसे ‘पहाड़ों की रानी’ कहा जाता है, इस दौरान रंग-बिरंगी रोशनी, सजावट और उत्साह के साथ जीवंत नजर आई। 31 दिसंबर की रात से लेकर नए साल के पहले दिन तक माल रोड, केम्पटी फॉल, गनहिल और लाइब्रेरी क्षेत्र में उमड़ी भीड़ ने शहर को गूंजते उत्साह से भर दिया। पर्यटकों ने नए साल पर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे लगभग भर गए, जबकि होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने विशेष पैकेज, लाइव म्यूजिक, डीजे नाइट और पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों की व्यवस्था की थी। मसूरी पुलिस ने भी नववर्ष को सुरक्षित बनाने के लिए विशेष तैयारी की। पुलिस क्षेत्रधिकारी मनोज असवाल के नेतृत्व में माल रोड सहित प्रमुख इलाकों में मार्च पास्ट किया गया। 3 इंस्पेक्टर, 26 सब- इंस्पेक्टर और 60 कांस्टेबल तैनात किए गए थे, जबकि पीएसी के दो बैटालियन भी सुरक्षा में लगे रहे। पुलिस ने हुड़दंग मचाने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर कड़ी निगरानी रखी, जिससे नववर्ष का जश्न शांतिपूर्ण और सुरक्षित रहा। नैनीताल और जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में भी नववर्ष का उत्सव उमंगपूर्ण और रंगीन रहा। देश-विदेश से आए पर्यटकों ने शुद्ध और शांत वातावरण में प्रकृति की गोद में नववर्ष 2026 का स्वागत किया। सरकारी और निजी रिसॉर्ट्स गुलजार रहे और पर्यटकों ने जंगल सफारी, प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों के बीच नाच-गाना करते हुए नए साल का आनंद लिया। नैनीताल के बड़े होटल जैसे शेरवानी लॉज, विक्रम विंटेज, नैनी रिट्रीट और नमरू रेडिएशन में लाइव म्यूजिक, डीजे, कठपुतली नृत्य, कुमाऊँनी नृत्य, बलून डांस और बॉलीवुड गीतों पर पर्यटक देर रात तक झूमते नजर आए। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की ओर से मॉल रोड पर भी संगीत और मनोरंजन की व्यवस्था की गई थी, जबकि ठंडी हवाओं से बचने के लिए गैस हीटर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी। रामनगर में पर्यटकों ने जिम कॉर्बेट पार्क के प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों के बीच नववर्ष का आनंद लिया, वहीं डोईवाला में सड़कों पर रोशनी और सजावट ने नववर्ष के जश्न को और जीवंत बना दिया। प्रशासन और पुलिस ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा, जिससे पर्यटक और स्थानीय लोग दोनों सुरक्षित रूप से जश्न का आनंद ले सके। प्रदेशभर में नववर्ष का यह उत्सव न केवल उमंग और उल्लास का प्रतीक रहा, बल्कि पर्यटन और स्थानीय व्यापार के लिए भी लाभकारी साबित हुआ। रंगीन बाजार, पहाड़ी व्यंजन, लाइव म्यूजिक और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था ने उत्तराखंड को नववर्ष 2026 के अवसर पर यादगार और आकर्षक बनाने में मदद की। इस तरह पहाड़ों में नया साल हर किसी के लिए उत्साह, आनंद और सुरक्षा के साथ शुरू हुआ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement