अवैधानिक लेऑफ के विरोध में भगवती (माइक्रोमैक्स) के श्रमिकों का श्रम भवन पर प्रदर्शन सहायक श्रमायुक्त को ज्ञापन सौंपकर लेऑफ निरस्त करने व न्यूनतम वेतन लागू करने की मांग

अवैधानिक लेऑफ के विरोध में भगवती (माइक्रोमैक्स) के श्रमिकों का श्रम भवन पर प्रदर्शन

सहायक श्रमायुक्त को ज्ञापन सौंपकर लेऑफ निरस्त करने व न्यूनतम वेतन लागू करने की मांग

 

रुद्रपुर। भगवती प्रोडक्ट्स लिमिटेड (माइक्रोमैक्स), पंतनगर में घोषित लेऑफ को अवैधानिक बताते हुए बुधवार को कंपनी के श्रमिकों ने श्रम भवन में प्रदर्शन किया। इस दौरान श्रमिकों ने सहायक श्रमायुक्त को ज्ञापन सौंपकर लेऑफ निरस्त करने तथा न्यूनतम वेतनमान लागू कराने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन ने एक ओर प्लांट के एक हिस्से को मंजुश्री कंपनी को किराये पर दे दिया, वहीं दूसरी ओर श्रमिकों को अवैधानिक रूप से लेऑफ पर भेजकर उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा कर दिया है।

भगवती इंप्लाइज यूनियन के अध्यक्ष नंदन सिंह ने कहा कि न्यूनतम वेतनमान को लेकर औद्योगिक विवाद लंबित है। इसी बीच प्रबंधन ने प्लांट में नोटिस चस्पा कर एक जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक लेऑफ घोषित कर दिया, जिससे पहले से कम वेतन पर कार्य कर रहे श्रमिकों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

यूनियन की उपाध्यक्ष पूजा पांडे ने कहा कि वर्ष 2018 में भी कंपनी प्रबंधन ने 303 श्रमिकों की छंटनी और 47 श्रमिकों को लंबे समय तक लेऑफ पर रखकर श्रमिक हितों का उल्लंघन किया था। उन्होंने बताया कि लंबे कानूनी संघर्ष के बाद औद्योगिक न्यायाधिकरण, उच्च न्यायालय और अंततः उच्चतम न्यायालय में हुए समझौते के बाद 13 जुलाई 2023 को प्लांट का संचालन दोबारा शुरू हुआ था।

यूनियन नेता लोकेश पाठक ने आरोप लगाया कि प्लांट दोबारा शुरू होने के बाद प्रबंधन ने योजनाबद्ध तरीके से उत्पादन घटाया, काम कम किया तथा कच्चे माल को पंतनगर से भिवानी (राजस्थान) स्थित इकाई में स्थानांतरित कर दिया। इसके बाद मनगढ़ंत कारणों का हवाला देकर पुनः लेऑफ घोषित कर दिया गया, जो पूरी तरह गैरकानूनी है।

प्रदर्शन में सूरज बोरा, भुवन गुणवंत, शिवम गुप्ता, नीतू आर्या, रिहाना बी, हर्षवर्धन सिंह, राहुल सिंह, अर्जुन सिंह, नीरज जोशी समेत बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement