जातीय जनगणना को पारदर्शी बनाने की मांग, प्रेम सिंह यादव ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

जातीय जनगणना को लेकर कांग्रेस ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

रुद्रपुर। जातीय जनगणना को लेकर कांग्रेस नेता प्रेम सिंह यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से जातीय जनगणना के सर्वे को पारदर्शी, वैज्ञानिक और प्रमाणिक बनाए जाने की मांग की गई।

कांग्रेस नेता प्रेम सिंह यादव ने कहा कि जातीय जनगणना सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम तभी साबित होगी, जब देश की प्रत्येक जाति और समुदाय की वैज्ञानिक एवं एकरूप तरीके से गणना की जाए। उन्होंने कहा कि केवल व्यक्ति से उसकी जाति पूछ लेना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए ओबीसी श्रेणी की स्पष्ट व्यवस्था, मानकीकृत जाति सूची, प्रत्येक जाति के लिए विशिष्ट वैज्ञानिक कोड और वैज्ञानिक वर्गीकरण जरूरी है।

उन्होंने मांग की कि एक ही प्रमाणित जाति के अलग-अलग नाम, पर्यायवाची नाम, क्षेत्रीय नाम, पारंपरिक व्यवसाय आधारित नाम अथवा उच्चारण एवं वर्तनी के अंतर के कारण उसे अलग-अलग जातियों के रूप में दर्ज न किया जाए। उन्होंने कहा कि कई जातियां और समुदाय अलग-अलग राज्यों, क्षेत्रों एवं भाषाओं में अलग-अलग नामों से जाने जाते हैं। ऐसे में जनगणना के दौरान इन विविध नामों और वर्तनी को वैज्ञानिक तरीके से एकीकृत किया जाना आवश्यक है, ताकि आंकड़े वास्तविक और प्रमाणिक रहें।

ज्ञापन में जातीय जनगणना की प्रक्रिया में पारदर्शिता, एकरूपता और वैज्ञानिक पद्धति अपनाने की मांग की गई। इस दौरान संजय कुटेला, सचिन कुमार, लईक अहमद, रोहित यादव, अफरिन अहमद सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement