*शराब की पांच दुकानों पर प्रशासन की छापेमारी, ओवररेटिंग की शिकायतों से मचा हड़कंप*

*शराब की पांच दुकानों पर प्रशासन की छापेमारी, ओवररेटिंग की शिकायतों से मचा हड़कंप*

रामनगर। शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच रामनगर प्रशासन ने शुक्रवार देर रात करीब नौ बजे शहर की पांच शराब की दुकानों पर अचानक छापेमारी की। उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में हुई कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन ने ओवररेटिंग की शिकायतों की जांच के लिए तीन टीमें गठित की थीं। एक टीम का नेतृत्व तहसीलदार, दूसरी का नायब तहसीलदार और तीसरी टीम का नेतृत्व एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने किया। तीनों टीमों ने एक साथ शहर की पांच शराब की दुकानों पर पहुंचकर जांच की।

जांच के दौरान प्रशासनिक टीम ने दुकानों पर मौजूद ग्राहकों से भी पूछताछ की। कुछ ग्राहकों ने निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने की शिकायत की। इसके बाद टीम ने दुकानों की बिलिंग मशीन से बिक्री के प्रिंट निकलवाकर रिकॉर्ड की जांच की। जांच में कुछ मामलों में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने की पुष्टि होने की बात सामने आई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों से भी पूछताछ की और बिक्री संबंधी अभिलेखों की जांच की। एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि जिन दुकानों पर ओवररेटिंग या अन्य अनियमितताएं मिली हैं, उनके खिलाफ संबंधित विभाग की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायतों को प्रशासन गंभीरता से ले रहा है और आगे भी जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement