बेहड़ ने विभिन्न वार्डों में जनसभाएं कर किया जनसंपर्क, कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन की अपील
किच्छा। नगर पालिका परिषद किच्छा के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कांग्रेस ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को विधायक तिलक राज बेहड़ ने नगर के विभिन्न वार्डों में जनसभाएं करने के साथ ही कॉलोनियों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया। उन्होंने अध्यक्ष पद के प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह और वार्ड सदस्य प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील की।
शुक्रवार शाम विधायक बेहड़ ने वार्ड संख्या 14 में नई सुनहरी टावर के समीप, वार्ड संख्या 20 के गुरुद्वारा वार्ड में नंदलाल के घर के पास तथा वार्ड संख्या 11 में उत्तरांचल कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के समीप आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहने के लिए प्रतिबद्ध है। नगर के विकास और वार्डों की समस्याओं के समाधान के लिए जनता के बीच रहकर कार्य करना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि नगर के विकास को गति देने के लिए सभी वर्गों और क्षेत्रों को साथ लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है। विधायक ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह सहित वार्ड सदस्य प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की।
इसके बाद विधायक ने बंगाली कॉलोनी, वार्ड संख्या तीन और सिरौलीकलां में भी जनसंपर्क किया। सिरौलीकलां में उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष पद की कांग्रेस प्रत्याशी रशीदा बेगम के समर्थन में लोगों से संवाद कर कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की।
शनिवार सुबह विधायक बेहड़ ने बलवंत कॉलोनी, विकास कॉलोनी और चुटकी देवरिया की विभिन्न कॉलोनियों में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील की।
इस मौके पर नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, दर्शन कोहली, ओमप्रकाश दुआ, जीवन जोशी, अंग्रेज सिंह, सुनील ठाकुर, देवेंद्र मंड, मुर्तजा अंसारी, संतोष सिंह, कर्मजीत सिंह, नजाकत खान, विक्की खान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। वहीं सिरौलीकलां में तस्लीम रजा, मोहम्मद ताहिर खान, अफसर कुरैशी, जायदा यार खान सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


