*1300 से ज्यादा सिमकार्ड मिले, 73 साइबर अपराध मामलों से जुड़ा नेटवर्क* *एयरटेल का एरिया डिस्ट्रीब्यूटर गिरफ्तार, ग्राहकों की जानकारी के बिना सिम जारी करने का आरोप*

*1300 से ज्यादा सिमकार्ड मिले, 73 साइबर अपराध मामलों से जुड़ा नेटवर्क*

*एयरटेल का एरिया डिस्ट्रीब्यूटर गिरफ्तार, ग्राहकों की जानकारी के बिना सिम जारी करने का आरोप*
नई दिल्ली/पटना। मोबाइल सिम जारी कराने के दौरान लिया जाने वाला बायोमीट्रिक डेटा यदि गलत हाथों में पहुंच जाए तो उसका दुरुपयोग कर ग्राहक की जानकारी के बिना दूसरे सिम जारी किए जा सकते हैं। बिहार में सामने आए एक बड़े सिमबॉक्स नेटवर्क की जांच में इस तरह के गंभीर खतरे का खुलासा हुआ है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अवैध सिम की सप्लाई के आरोप में एयरटेल के एक एरिया डिस्ट्रीब्यूटर को गिरफ्तार किया है।
CBI के अनुसार, मामला बिहार के सुपौल में पिछले वर्ष पकड़े गए एक अवैध सिमबॉक्स नेटवर्क से जुड़ा है। कार्रवाई के दौरान ठिकाने से 1300 से अधिक सिमकार्ड बरामद किए गए थे। इन सिमकार्ड के डेटा की जांच में देशभर के 73 साइबर अपराध मामलों से इनके लिंक सामने आए। इनमें डिजिटल अरेस्ट के नाम पर की गई ठगी के मामले भी शामिल हैं।
जांच में पता चला कि बरामद सिमकार्ड में बड़ी संख्या बिहार और ओडिशा के अलग-अलग प्वाइंट ऑफ सेल (PoS) से जारी किए गए थे। इसके बाद जांच वैशाली तक पहुंची, जहां एयरटेल के एक एरिया डिस्ट्रीब्यूटर की भूमिका संदिग्ध मिली। CBI का आरोप है कि डिस्ट्रीब्यूटर ने कई PoS के क्रेडेंशियल का कथित रूप से दुरुपयोग कर 700 से अधिक सिमकार्ड जारी किए।
जांच एजेंसी के मुताबिक, कई ऐसे ग्राहक भी सामने आए, जिन्होंने बताया कि उन्हें अपने नाम पर सिम जारी होने की जानकारी तक नहीं थी। CBI को आशंका है कि कुछ मामलों में ग्राहकों से वास्तविक सिम जारी करने की प्रक्रिया के दौरान एक से अधिक बार ई-केवाईसी की मंजूरी ली गई। वहीं, कुछ मामलों में पहले से उपलब्ध बायोमीट्रिक डेटा के दुरुपयोग की आशंका भी जताई गई है।
सिमबॉक्स में बड़ी संख्या में सिमकार्ड लगाए जाते हैं, जिनका इस्तेमाल विदेशी कॉल और संदेशों को स्थानीय कॉल की तरह आगे बढ़ाने में किया जा सकता है। जांच एजेंसी अब बरामद सिमकार्ड, उनके केवाईसी रिकॉर्ड और साइबर अपराधों के बीच संबंधों की पड़ताल कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही है।
Advertisement
Advertisement
Advertisement