किच्छा पालिका चुनाव में भाजपा का डैमेज कंट्रोल सफल
*किच्छा में विकास शर्मा का डैमेज कंट्रोल सफल, बागियों ने संदीप को दिया समर्थन* *बागियों की घर वापसी से भाजपा मजबूत, विकास शर्मा ने संभाली कमान*
शैली फुटेला और लवी सहगल ने नामांकन वापस लेकर संदीप अरोड़ा को दिया समर्थन
किच्छा। नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में बगावत से जूझ रही भाजपा को नाम वापसी के अंतिम दिन बड़ी राहत मिली। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी संदीप अरोड़ा के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरीं शैली फुटेला और लवी सहगल ने रविवार को अपना नामांकन वापस ले लिया। दोनों ने भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा को समर्थन देने की घोषणा की। बागियों को मनाने में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला की अहम भूमिका रही।
नाम वापसी के अंतिम दिन सुबह से ही किच्छा में सियासी गतिविधियां तेज रहीं। दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी का समय होने के चलते भाजपा नेतृत्व की निगाहें दोनों निर्दलीय प्रत्याशियों के फैसले पर टिकी थीं। पार्टी द्वारा संदीप अरोड़ा को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद शैली फुटेला और लवी सहगल के निर्दलीय चुनाव लड़ने से भाजपा के सामने वोटों के बंटवारे की चुनौती खड़ी हो गई थी।
पार्टी नेतृत्व ने नाराजगी दूर करने के लिए अंतिम समय तक प्रयास जारी रखे। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाध्यक्ष कमल जिंदल और महापौर विकास शर्मा किच्छा में डटे रहे। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने भी दोनों नेताओं से बातचीत कर उन्हें पार्टी हित में नामांकन वापस लेने के लिए मनाया।
महापौर विकास शर्मा ने दोनों नेताओं की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष पर वार्ता भी कराई। कई दौर की बातचीत और मान-मनौव्वल के बाद शैली फुटेला और लवी सहगल ने नामांकन वापस लेने पर सहमति जताई। दोनों ने संदीप अरोड़ा के समर्थन में चुनाव प्रचार करने और उन्हें विजयी बनाने के लिए काम करने की घोषणा की। इसके बाद भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई।
इधर, महापौर विकास शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में जुटने का आह्वान किया। शर्मा ने दावा किया कि किच्छा नगर पालिका में भाजपा प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास और जनसेवा के मुद्दे पर जनता के बीच जा रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचा है, जिसका लाभ निकाय चुनाव में भाजपा को मिलेगा। उन्होंने किच्छा के साथ सिरौली नगर पालिका में भी भाजपा की जीत का दावा किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अब सभी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर चुनाव में जुटें। उन्होंने कहा कि किच्छा और सिरौली नगर पालिका के चुनाव आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं। कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय कर घर-घर संपर्क करें और केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं।
भाजपा के दोनों बागी प्रत्याशियों के नामांकन वापस लेने से पार्टी को बड़ी राहत मिली है। उनके मैदान में बने रहने से भाजपा समर्थक मतों के बंटने की आशंका थी। अब संगठन ने राहत की सांस लेते हुए अपना पूरा ध्यान अधिकृत प्रत्याशी संदीप अरोड़ा के पक्ष में चुनाव अभियान तेज करने पर केंद्रित कर दिया है।


