*दूषित पानी से हुई मौतों पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने जताया दुख*
*दूषित पानी से हुई मौतों पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने जताया दुख*
नैनीताल। ज्योलीकोट क्षेत्र में दूषित पानी के सेवन से दो होनहार बच्चों समेत एक महिला की मौत के मामले में सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री डॉ. गणेश उपाध्याय ने क्षेत्र का करीब सात घंटे तक दौरा किया।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में पैदल पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए प्रभावित परिवारों की स्थिति की जानकारी ली और दूषित पेयजल की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों से भी बातचीत की।
दौरे के दौरान डॉ. गणेश उपाध्याय भी उनके साथ मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दूषित पानी से हुई मौतों के बावजूद प्रशासन की व्यवस्थाओं में लापरवाही साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने इस पूरे मामले को लेकर सरकार और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।


