*किलिमंजारो फतह करने वाले नन्हे पर्वतारोहियों से मिले सीएम धामी* *रियांश और प्रिशा ने 5,895 मीटर ऊंची चोटी पर फहराया था तिरंगा*

*किलिमंजारो फतह करने वाले नन्हे पर्वतारोहियों से मिले सीएम धामी*

*रियांश और प्रिशा ने 5,895 मीटर ऊंची चोटी पर फहराया था तिरंगा*
देहरादून। अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण कर उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले नन्हे पर्वतारोहियों मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। मुख्यमंत्री ने दोनों बच्चों को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इतनी कम उम्र में 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी का सफल आरोहण करना बच्चों के साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास को दर्शाता है। रियांश और प्रिशा ने अपनी उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों और युवाओं को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
अल्मोड़ा के चीनाखान निवासी 9 वर्षीय मास्टर रियांश पंत और नैनीताल जिले के बैलपड़ाव निवासी 10 वर्षीय प्रिशा रावत ने 22 अगस्त 2026 को माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण किया था। चोटी पर पहुंचकर दोनों नन्हे पर्वतारोहियों ने तिरंगा फहराया और देश-प्रदेश का मान बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के युवा पर्वतारोहण, खेल और अन्य साहसिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
Advertisement
Advertisement
Advertisement