जन्माष्टमी पर कान्हा की भक्ति में रंगा रुद्रपुर
*भारत भूषण चुघ ने मंदिरों में पहुंचकर की पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं को दी जन्माष्टमी की बधाई* *भारत भूषण चुघ बोले- भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रासंगिक*
मंदिरों में देर रात तक उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, झांकियों ने मोहा मन
रुद्रपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शनिवार रात शहर के विभिन्न मंदिर कान्हा की भक्ति में सराबोर नजर आए। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर आयोजित विशेष पूजा-अर्चना और झांकियों के दर्शन के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। श्रद्धालुओं ने भगवान कान्हा का आशीर्वाद लेकर सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्य बाजार स्थित दुर्गा मंदिर में समाजसेवी भारत भूषण चुघ ने पूजा-अर्चना कर झांकियों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण 16 कलाओं से परिपूर्ण थे। उन्होंने सत्य, धर्म, रक्षा और लोक कल्याण का संदेश दिया, जिसे आज के समय में आत्मसात करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महाभारत युद्ध के दौरान भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया श्रीमद्भगवद्गीता का ज्ञान आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है।
चुघ ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने जहां प्रेम और अहिंसा का संदेश दिया, वहीं असत्य और अधर्म के नाश के लिए सुदर्शन चक्र भी उठाया। उनके विचार और संदेश आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रहे हैं। युवा पीढ़ी को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
समाजसेवी एवं मुख्य अतिथि भारत भूषण चुघ ने अपनी धर्मपत्नी कनिका चुघ के साथ पुलिस लाइन, वार्ड नंबर 24 रमपुरा, वार्ड नंबर 17 खेड़ा, वार्ड नंबर दो ट्रांजिट कैंप, वार्ड नंबर एक शिमला बहादुर और ओमेक्स रिवेरा सोसाइटी में आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रमों में भी प्रतिभाग किया। उन्होंने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
शहर के विभिन्न मंदिरों और आयोजन स्थलों पर भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर उनके विभिन्न स्वरूपों और अवतारों पर आधारित आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं। झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। देर रात तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचते रहे और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान कृष्ण नारंग, सनी बब्बर, नीतीश धीर, नीलकंठ राणा, रोहित कोहली, बबलू राम, पिंटू पाल, मुकेश गुप्ता, बॉबी गंगवार, मनोज गुप्ता, वजीर सिंह, सनी पासवान समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।भारत भूषण चुघ ने मंदिरों में पहुंचकर की पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं को दी जन्माष्टमी की बधाई


