*नेशनल गेम्स में व्योम त्यागी ने जीता कांस्य पदक* *लगातार चौथे वर्ष राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर बढ़ाया गाजियाबाद का गौरव*

Spread the love

*नेशनल गेम्स में व्योम त्यागी ने जीता कांस्य पदक*

*लगातार चौथे वर्ष राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर बढ़ाया गाजियाबाद का गौरव*

गाजियाबाद। बैंगलोर में 7 से 11 अगस्त तक आयोजित 55वीं केवीएस राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 में गाजियाबाद के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कमला नेहरू नगर के युवा ताइक्वांडो खिलाड़ी व्योम त्यागी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 के 55 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से जिले का नाम रोशन हुआ है।

व्योम की सफलता इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने लगातार चौथे वर्ष केवीएस नेशनल गेम्स में पदक जीतने का गौरव हासिल किया है। इससे पहले मई 2026 में आगरा में आयोजित केवीएस रीजनल गेम्स में उन्होंने अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर लगातार चौथी बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए स्थान पक्का किया था।

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कमला नेहरू नगर में कक्षा 12 के छात्र 17 वर्षीय व्योम ने कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और अनुशासन के बल पर ताइक्वांडो में अपनी अलग पहचान बनाई है। देशभर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में वह अब तक 52 से अधिक पदक अपने नाम कर चुके हैं। उनकी लगातार शानदार उपलब्धियां परिवार और विद्यालय के साथ ही जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनी हुई हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण शर्मा ने व्योम को बधाई देते हुए कहा कि उनकी निरंतर सफलता साबित करती है कि प्रतिभा के साथ अनुशासन, मेहनत और सही मार्गदर्शन हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने कहा कि विद्यालय को अपने प्रतिभाशाली खिलाड़ी पर गर्व है और विश्वास है कि व्योम भविष्य में राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

वहीं, एमडब्ल्यूएस एकेडमी वसुंधरा के कोच एवं भारतीय ताइक्वांडो टीम से जुड़े प्रशिक्षक संदीप सिंह ने कहा कि लगातार चार वर्षों तक राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना व्योम की असाधारण निरंतरता और खेल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि व्योम में आगे बढ़ने की पूरी क्षमता है और निरंतर मेहनत के दम पर वह आने वाले समय में बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।

व्योम की उपलब्धि पर उनके परिवार, विद्यालय, प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *