*खरगे के हल्द्वानी दौरे को ऐतिहासिक बनाने में जुटी कांग्रेस* *महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों को जनता के बीच ले जाएगी कांग्रेस: यशपाल आर्य* *खरगे का दौरा संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगा: प्रकाश जोशी*

Spread the love

राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे के दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन ने कसी कमर

 

रुद्रपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रस्तावित हल्द्वानी दौरे की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को सिटी क्लब में कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी प्रकाश जोशी ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

बैठक से पूर्व दोनों वरिष्ठ नेताओं का सिटी क्लब पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। वहीं, कार्यक्रम की शुरुआत महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे का प्रस्तावित हल्द्वानी दौरा संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है और इसे जनशक्ति के प्रदर्शन के साथ सफल बनाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और वार्ड स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने तथा पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं को लेकर पार्टी लगातार आवाज उठा रही है तथा आगामी कार्यक्रमों के माध्यम से इन मुद्दों को और प्रभावी ढंग से जनता के बीच रखा जाएगा।

कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी प्रकाश जोशी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का उत्तराखंड दौरा संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

बैठक में हल्द्वानी कार्यक्रम की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां, जनसंपर्क अभियान तथा अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वरिष्ठ नेताओं ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम की सफलता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक में उप नेता प्रतिपक्ष एवं खटीमा विधायक भुवन कापड़ी, नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी, पूर्व विधायक संजीव आर्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *