*रुद्रपुर में गैंगरेप के तीन आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली*

Spread the love

*रुद्रपुर में गैंगरेप के तीन आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली*

रुद्रपुर। कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र में हुए गैंगरेप प्रकरण में फरार चल रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर कथित रूप से फायरिंग करने वाले एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई थीं। टीमों द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश, सुरागरसी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

इसी क्रम में 27 जुलाई की देर रात चौकी बगवाड़ा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगे। घेराबंदी किए जाने पर उन्होंने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गुरबाज उर्फ मानु पुत्र प्रीतम सिंह निवासी ग्राम कलकत्ती, थाना गदरपुर के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने मौके से गैंगरेप प्रकरण में वांछित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरबाज उर्फ मानु (23), जोगा सिंह (24) निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जनपद रामपुर तथा रविंदर (19) निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस तथा घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद करने का दावा किया है। बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी अजय गणपति स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण में विधिक कार्रवाई जारी है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *